जनगणना 2027 होगी पूरी तरह डिजिटल, 17 अप्रैल से शुरू होगी स्वगणना प्रक्रिया: डीएम कौशल कुमार

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय में प्रेस ब्रीफिंग कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जाएगा, जो जनगणना इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव है।

डीएम ने बताया कि पहली बार आम नागरिकों को मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए स्वयं अपने परिवार की गणना (Self Enumeration) करने की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत जिले के नागरिक 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद 02 मई से 31 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना कार्य करेंगे।

जनगणना के प्रथम चरण में कुल 34 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसके लिए स्मार्टफोन का होना आवश्यक है। जिले में इस कार्य के लिए 18 ग्रामीण और 11 नगरीय चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें कुल 7558 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) प्रस्तावित हैं। गणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए 7558 प्रगणक और 1294 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इनका प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक चलेगा।

स्वगणना की प्रक्रिया

डीएम ने बताया कि नागरिकों को स्वगणना के लिए se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर बिहार राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के माध्यम से सत्यापन करना होगा।

भाषा चयन के बाद परिवार के मुखिया का नाम, जिला, पिन कोड तथा गांव/शहर की जानकारी भरनी होगी। इसके पश्चात स्क्रीन पर नक्शा दिखाई देगा, जिसमें लाल मार्कर के जरिए अपने घर का सटीक लोकेशन निर्धारित करना होगा।सभी प्रश्नों के उत्तर भरकर सबमिट करने पर 11 अंकों का SE-ID जनरेट होगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। प्रगणकों के भ्रमण के दौरान यह आईडी दिखानी होगी।

जनभागीदारी की अपील

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें और इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाएं। साथ ही सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें।

इस मौके पर अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उदय नारायण प्रसाद एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।