डीएम की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना की समीक्षा बैठक, समयबद्ध डाटा अपलोडिंग के निर्देश

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति, पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से संबंधित सभी सूचनाओं एवं उपलब्धियों की प्रविष्टि पोर्टल पर समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले की रैंकिंग बेहतर बनी रहे और राज्य स्तर पर दरभंगा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसानों तक लाभ समय पर पहुँचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, मत्स्य, उद्योग तथा बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय वृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार, स्वरोजगार के अवसरों का सृजन तथा कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने कृषि विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं जिला उद्यान पदाधिकारी नीरज कुमार झा ने उद्यान योजनाओं की अद्यतन जानकारी दी।

जिला मत्स्य पदाधिकारी अनुपम कुमार ने मत्स्य पालन योजनाओं पर फीडबैक साझा किया। महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र सुरुचि कुमारी ने कृषि आधारित उद्योगों एवं उद्यमिता विकास से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया और कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना किसानों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिले के कृषकों को व्यापक लाभ मिलेगा।

बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, डीडीएम नाबार्ड एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।