ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पाण्डुलिपियों का निरीक्षण, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर बल

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा,

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत आज दरभंगा जिला स्थित एम.के.एस. कल्याणी फाउंडेशन में संरक्षित प्राचीन पाण्डुलिपियों का निरीक्षण जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भारत के संविधान की एक दुर्लभ प्रति का अवलोकन किया, जिसमें संविधान के संपादक मंडल के सभी सदस्यों के हस्ताक्षर अंकित हैं। इसके साथ ही उन्होंने शताब्दियों पुराने ताड़पत्र पर लिखित पाण्डुलिपियों का सूक्ष्म अध्ययन करते हुए उनकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त  स्वप्निल तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने पाण्डुलिपियों की वर्तमान स्थिति एवं उनके संरक्षण से जुड़े प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, कल्याणी फाउंडेशन के कार्यपालक पदाधिकारी श्री श्रुतिकर झा एवं पुस्तकालयाध्यक्ष श्री पारस ने उपस्थित अधिकारियों को पाण्डुलिपियों एवं दुर्लभ दस्तावेजों के समृद्ध संग्रह से अवगत कराया।

ज्ञातव्य है कि ज्ञान भारतम् मिशन का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का संरक्षण, संवर्धन एवं उसे वैश्विक मंच पर स्थापित करना है। इसी दिशा में दरभंगा जिले में उपलब्ध पाण्डुलिपियों का सर्वेक्षण मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे ज्ञान भारतम् मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपने पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों से संबंधित जानकारी साझा करें। साथ ही, पाण्डुलिपियों से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय, दरभंगा से संपर्क करने का आग्रह किया गया।