भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश, 3 दिनों में पूरी करें प्रक्रिया: डीएम

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में पेयजल सुविधा सुदृढ़ करने को लेकर लंबित बोरिंग कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में शेष बोरिंग योजनाओं की प्रगति, भूमि उपलब्धता की स्थिति तथा कार्यों में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी तीन दिनों के भीतर बोरिंग कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर सरकारी भूमि की पहचान कर उसे उपलब्ध कराया जाए, ताकि लंबित योजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। जहां सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां स्थानीय निवासियों एवं रैयतों से समन्वय स्थापित कर रैयती भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर न तो सरकारी और न ही निजी भूमि उपलब्ध हो पा रही है, वहां संबंधित अंचलाधिकारी एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के कनीय अभियंता संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, ताकि योजना को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके।

उन्होंने सभी अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता उत्कर्ष सहित सभी संबंधित अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। विभिन्न प्रखंडों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।