मंडल कारा व बाल सुधार गृह का निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने बुधवार को मंडल कारा एवं बाल सुधार गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से उनके रहन-सहन, खानपान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में सचिव ने जेल प्रशासन को पेयजल आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं एवं पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। साथ ही, जेल परिसर में स्थापित निःशुल्क विधिक सहायता के लिए संचालित लीगल ऐड क्लिनिक का निरीक्षण करते हुए पारा विधिक स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल की सभी व्यवस्थाएं जेल मैनुअल एवं माननीय पटना उच्च न्यायालय के निर्देशों केरूप संचालित की जानी चाहिए।

इसके बाद सचिव ने बाल सुधार गृह का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने आवासित बच्चों से उनके रहन-सहन, खानपान एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने प्रशासक को निर्देश दिया कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा उनके साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता, भेदभाव या उपेक्षापूर्ण व्यवहार नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान लीगल ऐड डिफेंस सदस्य अंकुर प्रिया, कारा अधीक्षक स्नेहलता, कारा उपाधीक्षक श्रीमन्नारायण हिमांशु एवं प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।