मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, भास्कर ने 20 रन से सहारा को हराया
मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, भास्कर ने 20 रन से सहारा को हराया
मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, भास्कर ने 20 रन से सहारा को हराया
दस्तक 7मीडिया, दरभंगा
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में बुधवार को 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में दैनिक भास्कर की टीम ने राष्ट्रीय सहारा को 20 रनों से पराजित कर विजयी शुरुआत की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दैनिक भास्कर की टीम निर्धारित 20 ओवर भी पूरा नहीं खेल सकी और 16वें ओवर में 110 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से राजेश ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि राघव ने 27 रनों का योगदान दिया। राष्ट्रीय सहारा की ओर से ऋषि, नीतीश और सोनू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राष्ट्रीय सहारा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 16वें ओवर में 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सहारा की ओर से सोनू ने 31 रन और नटवर ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दैनिक भास्कर के अमरजीत ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और मैच के हीरो साबित हुए। उनके अलावा विक्की, राघव, हरिमोहन और राजेश को एक-एक विकेट मिला।
मैच में सुजीत ठाकुर और उत्सव ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि प्रत्यूष कुमार स्कोरर रहे। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 16 अप्रैल को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और इनसाइट मिथिला के बीच खेला जाएगा।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और लगातार 19 वर्षों से आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट की सराहना की। मीडिया स्पोर्ट्स क्लब की ओर से सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई अधिकारी एवं आयोजक मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल और प्रेरणादायक बताया।