15 अप्रैल को 14 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य, आपूर्ति सामान्य: प्रशासन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

 जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने 15 अप्रैल को 14 हजार से अधिक गैस सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह जानकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है। उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन के अनुसार, 14 अप्रैल को जिले में कुल 5996 सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 4660, बेनीपुर में 671 तथा बिरौल में 665 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों में कुल 13,550 सिलेंडर शेष हैं, जो पर्याप्त आपूर्ति का संकेत है।

अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल के लिए सदर अनुमंडल में 10,587, बेनीपुर में 707 तथा बिरौल में 2763 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।

इधर, गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आज जिले के 5 गैस एजेंसियों और 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए व्यावसायिक गैस आपूर्ति भी अनुमंडल स्तर पर सुनिश्चित की जा रही है।शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित है। अब तक 1571 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1500 का निपटारा किया जा चुका है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें