दरभंगा इंडोर स्टेडियम में दिव्यांगजन कैंप का आयोजन, 110 लोगों की निःशुल्क जांच

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देशानुसार आज दरभंगा के इंडोर स्टेडियम, लहेरियासराय में दिव्यांगजनों के लिए विशेष निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया।

जिला प्रशासन दिव्यांग नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस विशेष कैंप में इलाज कराकर दिव्यांगजन काफी संतुष्ट एवं प्रसन्न दिखे। उन्होंने बताया कि एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिलना अत्यंत लाभकारी रहा। साथ ही उन्हें निःशुल्क जांच एवं आवश्यकता अनुसार दवाइयां भी प्रदान की गईं।

यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित हुए, जिनमें से कुल 110 लाभुकों की चिकित्सीय जांच की गई।

मेडिकल बोर्ड की देखरेख में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। इसमें डॉ. कुणाल शंकर एवं डॉ. अरुण प्रकाश (ऑर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. संजय कुमार सुमन (जनरल सर्जन), डॉ. ओम प्रकाश झा (मेडिसिन), डॉ. राजेश कुमार (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. प्रिस कुमार (ईएनटी विशेषज्ञ) तथा डॉ. प्रकाश झा (मनोचिकित्सक) शामिल थे।

शिविर के सफल संचालन हेतु सिविल सर्जन कार्यालय के स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक संचालन किया। उनकी देखरेख में संपूर्ण प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

जो दिव्यांगजन इस शिविर में शामिल नहीं हो सके, वे सिविल सर्जन कार्यालय में जाकर ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अपनी जांच करवा सकते हैं।

सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग आशीष अमन ने बताया कि जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देशानुसार भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी दिव्यांगजनों को समय पर यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराया जा सके एवं वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।