गर्भवती महिला की फंदे से लटकती लाश, पति गिरफ्तार, जेठानी फरार

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

दरभंगा, संवाददाता। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के पंडासराय मोहल्ले में मंगलवार की सुबह एक गर्भवती महिला का शव पंखे से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है।

मामले में पुलिस ने पति राहुल महासेठ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जेठानी सरिता देवी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। बताया जाता है कि सोमवार देर रात गुड़िया कुमारी के फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।

मृतका के पिता शंभू साह (निवासी हायाघाट पौराम गांव) ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी वर्ष 2022 में होने के बाद से ही उनकी पुत्री को पति राहुल महासेठ और जेठानी सरिता देवी द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि गुड़िया कुमारी गर्भवती थी, ऐसे में उसके साथ अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई।

पुलिस ने पिता के आवेदन के आधार पर पति और जेठानी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 202/26 दर्ज कर ली है। मामले के अनुसंधान के लिए दरोगा पीयूष कुमार को नियुक्त किया गया है, जबकि दरोगा अर्चना सिंह ने घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ की है।

प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद सिंह ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार जेठानी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

वहीं, डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे अपने गांव ले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।