डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
दस्तक 7मीडिया/दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व एवं जन शिकायत से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को सूक्ष्म एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी अपर समाहर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्यों का सतत अनुश्रवण करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं जनगणना कार्यों की नियमित समीक्षा हेतु जिला स्तर के वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर को एलपीजी गैस सिलेंडर से संबंधित कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पेयजल के लिए बोरिंग कार्य हेतु भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि 646 स्थलों पर बोरिंग प्रस्तावित है, जिनमें से 55 स्थानों पर भूमि की समस्या है। उन्होंने रैयती भूमि चिन्हित कर शीघ्र कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री शशि रंजन को शेष बचे वृद्धा पेंशन लाभुकों का लाइफ सर्टिफिकेट सत्यापन शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया।बैठक में राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सीपीग्राम एवं आरटीपीएस से संबंधित लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
लोक शिकायत निवारण अधिनियम की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।