सिलेंडर ब्लास्ट में दंपति और मासूम की मौत, एक की हालत नाजुक
सिलेंडर ब्लास्ट में दंपति और मासूम की मौत, एक की हालत नाजुक
सिलेंडर ब्लास्ट में दंपति और मासूम की मौत, एक की हालत नाजुक
दस्तक 7मीडिया/अफजल खान
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर मोहल्ले में बीती रात हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन महीने के मासूम बेटे की जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
बताया जाता है कि मृतक गोविंद दास और उनकी पत्नी नीशू ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। तीन महीने पहले ही उनके घर बेटे युवराज का जन्म हुआ था। बीती रात नीशू अपने घर के तीसरे तल्ले पर स्थित किचन में बेटे को लेकर खाना बनाने के लिए जैसे ही माचिस जलाई, अचानक गैस रिसाव के कारण आग भड़क उठी और देखते ही देखते सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
आग की चपेट में आने से गोविंद दास अपनी पत्नी और बेटे को बचाने की कोशिश में खुद भी बुरी तरह झुलस गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में पड़ोसी आदित्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान अग्निशमन पदाधिकारी सीके पासवान भी झुलस गए। इसके अलावा बेचन दास, गौतम कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज डीएमसीएच और निजी क्लीनिक में चल रहा है।
वार्ड पार्षद भगवान लाल ठाकुर ने बताया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
जिला आपदा पदाधिकारी शमीम अख्तर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।