दरभंगा एयरपोर्ट पर सांसद पप्पू यादव का भव्य स्वागत, ज्वेलरी लूट पीड़ित से मुलाकात के बाद सरकार पर तीखा हमला

दस्तक 7मीडिया, दरभंगा 

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव दिल्ली से दरभंगा हवाई अड्डा पहुंचे, जहां कांग्रेस नेता डॉ. मुन्ना खान के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग-चादर और फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद पप्पू यादव सीधे 3 अप्रैल को हुए चर्चित प्रेम ज्वैलर्स लूट कांड के पीड़ित मनोज ठाकुर के आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उनके अनुसार, न महिलाएं सुरक्षित हैं, न व्यापारी और न ही आम नागरिक। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बढ़ते अपराध खासकर मध्यम वर्ग के व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी लूट बिना प्रशासनिक मिलीभगत के संभव नहीं है और अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। पप्पू यादव ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने, संवेदनशील बाजारों में स्थायी पुलिस चौकी और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की स्थिति कमजोर हुई है और सरकार प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई।अंत में उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।