दरभंगा के प्रियांशु रंजन ने बढ़ाया जिले का मान, आयकर विभाग में बने कार्यालय अधीक्षक

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर वार्ड संख्या 46 निवासी प्रियांशु रंजन ने आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे इलाके का नाम रौशन किया है।प्रियांशु रंजन, गन्ना उद्योग विभाग में कार्यरत ललित कुमार झा एवं शिक्षिका मधु कुमारी के पुत्र हैं। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा मानस इंटरनेशनल स्कूल, लहेरियासराय में हुई। वर्ष 2017 में उन्होंने सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2019 में स्थानीय रोज पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट पास किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने वर्ष 2022 में सीएम कॉलेज, दरभंगा से स्नातक कर पूरी की।

स्नातक के बाद प्रियांशु ने खाजासराय स्थित अपने आवास पर रहकर पूरी लगन और मेहनत से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की, जिसका परिणाम आज उनके चयन के रूप में सामने आया है।उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।