शिक्षा की लौ और 12 वर्षों का बेमिसाल सफर, श्री कृष्ण आइडियल पब्लिक स्कूल ने मनाया भव्य स्थापना दिवस
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल,दरभंगा।

शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके बिरौल अनुमंडल के प्रतिष्ठित संस्थान,श्री कृष्ण आइडियल पब्लिक स्कूल ने 10 अप्रैल को अपने गौरवमयी 12 वर्ष पूरे कर लिए।12 साल बेमिसाल के संकल्प के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित इस 12वें स्थापना दिवस समारोह में उत्साह, संस्कृति और खेल के आधुनिक स्वरूप का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ शैल कुमारी वेलफेयर एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष व सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण और केक काटकर किया गया। नन्हे बच्चों के स्वागत गान ने अतिथियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया। सांस्कृतिक मंच पर जूनियर विंग के छात्रों ने”यह सच है कि भगवान है” और “हर तरफ हर जगह…” जैसे भजनों पर ऐसी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। छात्रा हेमा ने अपनी ओजस्वी कविता के माध्यम से विद्यालय के 12 वर्षों के उतार-चढ़ाव और सफलताओं की यात्रा को जीवंत कर दिया।
छात्रों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए इस अवसर पर विद्यालय में नवनिर्मित क्रिकेट कोर्ट का विधिवत उद्घाटन किया गया। संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री नवलेश चौधरी ने कहा हमारा लक्ष्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं है। हम बिरौल की मिट्टी से ऐसी प्रतिभाएं निकालना चाहते हैं जो खेल के मैदान में भी देश का नाम रोशन करें। यह क्रिकेट कोर्ट उसी विजन की एक कड़ी है।

स्थापना दिवस के पावन अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष गणेश चौधरी एवं विद्यालय की मुख्य दानदाता श्रीमती सुनैना देवी ने परंपरा का निर्वाह करते हुए बाल वाटिका की कन्याओं का पूजन किया और उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन कराया। वहीं,श्री ब्रजेश चौधरी ने नन्हे छात्रों के बीच शिक्षण सामग्री वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। मंच संचालन करते हुए राम रतन झा ने विद्यालय की आधारशिला रखने वालीं स्व.श्रीमती शैल कुमारी जी के संघर्षों और योगदानों को याद किया। ट्रस्ट के सदस्यों ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर बिरौल में शिक्षा की अलख को और प्रज्वलित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों और ट्रस्ट के सदस्यों को पाग-चादर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। शिक्षक दीपक ठाकुर ने विद्यालय की अब तक की उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। समारोह के समापन पर विद्यालय प्रबंधक पुरुषोत्तम चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

