कर्मचारी संघ ने बुलंद की आवाज: मांगों की अनदेखी पर चरणबद्ध आंदोलन का एलान

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

जनता कोशी महाविद्यालय, बिरौल के शिक्षकेतर कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ (ल. ना. मिथिला विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र) की कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में अब कर्मचारियों ने चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने का फैसला किया है।

संघ के सचिव द्वारा प्रधानाचार्य को सौंपे गए पत्र के अनुसार, कर्मचारियों की मांगों को लगातार अनदेखा किए जाने के कारण यह कदम उठाया गया है। कर्मचारी दिपक कुमार ने बताया कि संघ के निर्णय के आलोक में काला पट्टी प्रदर्शन 10 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक कर्मचारी बांह पर काला पट्टी बांधकर कार्य करेंगे और प्रतिदिन दोपहर 01:30 से 02:00 बजे के बीच प्रधानाचार्य कक्ष के समक्ष नारेबाजी करेंगे। 17 अप्रैल 2026 को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और विश्वविद्यालय मुख्यालय पर ‘पोल-खोल हल्ला बोल’ धरना कार्यक्रम में शामिल होंगे। महासंघ पटना के निर्देशानुसार, 06 मई से 07 मई 2026 तक पूर्ण कलम बंद हड़ताल रखी जाएगी और महाविद्यालय परिसर में धरना दिया जाएगा।

आंदोलन के अगले चरण में 20.05.2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर सामूहिक अवकाश के साथ जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।

कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र बनाया जा सकता है। इस सूचना की प्रति आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।