बंदा गांव में रुद्र महायज्ञ के दौरान समाजसेवी प्रियंका झा का सम्मान, मानस मंदिर की अद्भुत कथा सुन भावुक हुईं प्रियंका 

दस्तक 7मीडिया, दरभंगा/संजय कुमार राय 

बंदा गांव में आयोजित रुद्र महायज्ञ के दौरान समाजसेवी प्रियंका झा का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक पाग और चादर देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गांव के लोगों ने उन्हें भव्य मानस मंदिर का दर्शन कराया, जिसे देखकर वह भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि बिहार में स्थित यह मानस मंदिर अपनी आस्था और चमत्कारिक कथाओं के कारण विशेष महत्व रखता है।

ग्रामीणों ने मंदिर से जुड़ी एक अद्भुत कथा भी साझा की। बताया जाता है कि वर्षों पहले गांव की जमीन पर दूसरे गांव के लोगों ने कब्जा कर लिया था। इस विवाद को लेकर गांव के कुछ लोग विरोध करने पहुंचे, जहां उन्हें भारी संख्या में विरोधियों ने घेर लिया और जान से मारने की साजिश रची गई।

इधर गांव में लोगों ने संकट की घड़ी में भगवान बजरंगबली से प्रार्थना शुरू कर दी। इसी दौरान मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा से पसीना निकलने लगा, जिसे ग्रामीण दैवी संकेत मानते हैं। कहा जाता है कि इसी चमत्कार के बाद गांव के कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए बड़ी संख्या में विरोधियों का सामना किया और अपनी जमीन वापस लेकर सुरक्षित लौट आए।

हालांकि, इस घटना के बाद भी मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा से पसीना निकलता रहा, जिससे पूरा मंदिर परिसर सराबोर हो गया। इसके बाद कई दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना की गई, तब जाकर यह स्थिति सामान्य हुई।

आज भी यह मानस मंदिर ग्रामीणों की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां स्थापित बजरंगबली के दर्शन मात्र से दिव्यता का अनुभव होता है।