आयुक्त की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में ग्रामीण कार्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दरभंगा प्रमण्डल के अंतर्गत आने वाले जिलों के ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंताओं एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ चल रही योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

आयुक्त महोदय ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां कहीं सड़कों में क्षति या टूट-फूट की स्थिति है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मति कार्य कराया जाए। इसके साथ ही माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।

आयुक्त ने सड़कों के किनारे आवश्यक साइनेज एवं सूचना पट्टों के समुचित अधिष्ठापन पर जोर देते हुए कहा कि इससे आमजन को आवागमन में सुविधा होगी।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी  आकाश ऐश्वर्य सहित दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के संबंधित अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।