डीएम ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की, नामांकन व गुणवत्ता सुधार हेतु दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में आज जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, शिक्षा की गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति प्रणाली सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 6 वर्ष से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित नहीं रहे, इसकी जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।

बैठक में बताया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल के लिए विद्यालयों का चयन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा निरीक्षण प्रतिवेदन पोर्टल पर समय से अपलोड करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से भवनहीन एवं भूमिहीन विद्यालयों के साथ-साथ टैग किए गए विद्यालयों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में समग्र शिक्षा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, विद्यालय निरीक्षण, आधार एवं अपार स्टेटस, मध्याह्न भोजन योजना सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ (स्थापना) श्री अवधेश कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।