दरभंगा में हैंडबॉल चयन ट्रायल सम्पन्न, एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र हेतु खिलाड़ियों का चयन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में नामांकन के लिए हैंडबॉल विधा का चयन ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा श्री परिमल ने बताया कि एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जा रहा है।

इस चयन ट्रायल में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

चयन प्रक्रिया में निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में शाहिद एन. हसन एवं अमित जायसवाल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर खिलाड़ियों का चयन किया।

चयनित खिलाड़ियों की सूची जिला खेल कार्यालय द्वारा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजी जाएगी। अंतिम परिणाम का प्रकाशन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।

हैंडबॉल के लिए चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा में प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा संचालित इस केंद्र में खिलाड़ियों को निःशुल्क पठन-पाठन, खेल प्रशिक्षण, भोजन एवं आवासन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें।

जिला खेल पदाधिकारी ने यह भी बताया कि 06 अप्रैल को वुशू, 08 अप्रैल को बैडमिंटन एवं 09 अप्रैल को हैंडबॉल के लिए चयन ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।इस अवसर पर रविंद्र सिंह, कुंदन कुमार, मनीष कुमार, रूपाली वर्मा, कुमार अनुराग, ज्योति कुमारी, जीनत आरा एवं बलदेव मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।