09 मई को आयोजित होगा राष्ट्रीय लोक अदालत

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

आगामी 09 मई 2026 को वर्ष के दूसरे राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी की अध्यक्षता में विभिन्न बैंकों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आलम ने कहा कि नालसा (NALSA) के दिशा-निर्देशों एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के आदेशों के अनुरूप राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित वादों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निष्पादन किया जाएगा।

उन्होंने वन विभाग, श्रम, विद्युत, माप-तौल आदि से संबंधित लंबित मामलों को चिह्नित कर समय पर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं, बकाया ऋण से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने पिछले राष्ट्रीय लोक अदालत के निष्पादन का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कुछ बैंकों एवं विभागों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं रहा। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने चयनित मामलों की सूची समय पर कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस जारी किया जा सके।

बैठक में प्रमंडलीय वन पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, माप-तौल अधीक्षक, विद्युत कार्यपालक अभियंता, एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।