जिलाधिकारी की बैठक में कन्या आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश 

दस्तक 7दरभंगा 

जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में दरभंगा स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय +2 कन्या उच्च विद्यालय की विद्यालय संस्थापन समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एजेंडा के अनुसार विद्यालय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, जीविका के माध्यम से “दीदी की रसोई” के संचालन, साथ ही साफ-सफाई एवं लॉन्ड्री व्यवस्था को अविलंब प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

नए शैक्षणिक सत्र में नामांकित छात्राओं को निःशुल्क पुस्तक एवं किट उपलब्ध कराने हेतु जिला शिक्षा कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

विद्यालय परिसर में अपशिष्ट जल निकासी, कचरा प्रबंधन एवं विद्यालय के बाहर जलजमाव की समस्या के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पाक्षिक स्वास्थ्य जांच हेतु नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, ANM/GNM की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त, पेयजल की समुचित व्यवस्था हेतु हैंडपंप/बोरिंग की स्थापना एवं जल गुणवत्ता की नियमित जांच कराने का निर्देश दिया गया। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के आसपास नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

मनरेगा योजना के अंतर्गत विद्यालय परिसर में सजावटी फूल एवं फलदार वृक्षारोपण, खेल सामग्री की उपलब्धता एवं खेल मैदान के विकास पर भी चर्चा की गई।

साथ ही, स्टाफ क्वार्टर एवं छात्रावास निर्माण हेतु विद्यालय के बाहर उपलब्ध भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।