दरभंगा में पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन,घनश्यामपुर से साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा। 

दरभंगा जिला एक बार फिर साइबर अपराधियों की शरणस्थली के रूप में चर्चा में है। ताजा मामले में, पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम ने घनश्यामपुर पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र के लगमा गांव में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर साइबर ठगी के एक शातिर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लगमा गांव निवासी जीवछ झा के पुत्र पंकज झा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंजाब में हाल ही में एक बड़ा साइबर फ्रॉड हुआ था, जिसकी जांच करते हुए पुलिस की कड़ियां पंकज झा तक पहुंचीं। पंजाब के लूधियाना साइबर थाना में 15 लाख का ठगी के मामले में दर्ज कांड संख्या 06/26 के आधार पर लोकेशन ट्रैक करते हुए टीम दरभंगा पहुंची थी।

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पंजाब पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा था। पंजाब पुलिस के पास ठोस इनपुट थे कि आरोपी अपने पैतृक गांव में छिपा हुआ है। सूचना के आलोक में एक संयुक्त टीम गठित की गई और देर रात लगमा गांव स्थित पंकज के घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के पास से साइबर अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने के संकेत मिले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि कागजी प्रक्रिया (ट्रांजिट रिमांड) पूरी करने के बाद पंजाब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

इस गिरफ्तारी के बाद घनश्यामपुर और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे गांव में रहकर युवक दूसरे राज्यों के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और आने वाले दिनों में कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी हो सकती है।