घनश्यामपुर में नाबालिग का अपहरण, पुलिस की तत्परता से 5 घंटे में बरामदगी, आरोपी फरार, छापामारी जारी

दस्तक 7 मिडिया,घनश्यामपुर, दरभंगा।

दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना अंतर्गत हरसिंगपुर गांव में बुधवार सुबह एक नाबालिग लड़की के अपहरण से सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 5 घंटे के भीतर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है।
यह मामला 8 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8:00 बजे का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरसिंगपुर निवासी एक महिला की 16 वर्षीय पुत्री अपने घर के सामने सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक मो.अमान (हरसिंगपुर) और समीर खान (पकड़ी, अलीनगर)—वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों ने ज्योति (परिवर्तित नाम) का मुंह दबाकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और तेजी से फरार हो गए। पीड़िता की मां द्वारा शोर मचाने पर जब तक लोग जमा हुए, आरोपी उसे लेकर रफूचक्कर हो चुके थे।
घटना के तुरंत बाद जब पीड़िता का परिवार और पड़ोसी आरोपी मो.अमान के घर पहुंचे और लड़की को वापस करने की मांग की, तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि अमान के परिजनों (नादरा खातून, इकदार और इकबाल) ने पीड़िता की मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इकबाल की पत्नी ने उन्हें जान से मारने और जघन्य अपराध करवाने की धमकी दी। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि घटना के 5 घंटे के भीतर ही नाबालिग लड़की को बेनीपुर बाजार से सकुशल बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की को बरामद कर लिया है। मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।