गैस सिलेंडर के इंतजार ने ली जान: सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों में आक्रोश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहादुरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गैस सिलेंडर लाने निकले 25 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मिर्जापुर देकुली निवासी जगदीश सहनी के पुत्र कुमार सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुमार पिछले चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए लगातार एजेंसी का चक्कर लगा रहे थे। बुधवार की सुबह करीब 4 बजे वह छोटकी डिलाही स्थित गैस गोदाम जाने के लिए घर से निकले थे।

इसी दौरान तारालाही चौक के लोहरसारी चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुमार सहनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

कुमार सहनी अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके ऊपर पत्नी, दो छोटे बच्चों, माता-पिता और भाई की जिम्मेदारी थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों का फूटा गुस्सा

परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा सिर्फ कागजों पर है। हकीकत में उन्हें कई दिनों तक भटकना पड़ रहा था। उनका कहना है कि यदि समय पर होम डिलीवरी की सुविधा मिलती, तो यह हादसा टल सकता था।

मुआवजे की मांग

ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से तत्काल 10 लाख रुपये मुआवजा देने और गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी होम डिलीवरी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई है।

स्थानीय जनप्रतिनिधि श्याम भारती ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है।