समय-सीमा में गुणवत्ता से पूरा हो सड़क निर्माण, आयुक्त का सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडलीय सभागार में पथ निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं को लेकर अहम समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमंडल के तीनों जिलों के अभियंता और कार्यपालक अभियंता शामिल हुए।

बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि हर कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पुल एवं पुलियों के निर्माण में जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने, हाई स्पीड मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सड़कों पर साइनेज व रेडियम पट्टियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे दिन-रात आवागमन सुरक्षित रह सके।

आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी  आकाश ऐश्वर्य समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।