एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए बैडमिंटन ट्रायल संपन्न, प्रतिभाओं ने दिखाया दम
एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए बैडमिंटन ट्रायल संपन्न, प्रतिभाओं ने दिखाया दम
एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए बैडमिंटन ट्रायल संपन्न, प्रतिभाओं ने दिखाया दम
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
इंडोर स्टेडियम, लहेरियासराय में बुधवार को एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में नामांकन हेतु बैडमिंटन विधा का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इस दौरान जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी परिमल ने किया। उन्होंने बताया कि एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाना है। ट्रायल में खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
निर्णायक मंडल में अभिषेक कुमार, कुंदन कुमार एवं निशांत कुमार शामिल रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का मूल्यांकन कर चयन किया। चयनित खिलाड़ियों की सूची जिला खेल कार्यालय द्वारा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजी जाएगी, जिसके बाद अंतिम परिणाम प्रकाशित किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा में निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ-साथ पठन-पाठन, आवासन और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान कर राज्य और देश का नाम रोशन करने में सहायक बनेगी।
जिला खेल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 09 अप्रैल को नेहरू स्टेडियम, दरभंगा में हैंडबॉल के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कुमार अनुराग, ज्योति कुमारी, जीनत आरा एवं बलदेव मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।