पेयजल संकट पर डीएम सख्त: अप्रैल अंत तक हर हाल में सुनिश्चित होगी जलापूर्ति

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में संभावित पेयजल संकट को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी नागरिक को पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से बेनीपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में बोरिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि कुछ जगहों पर अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।

डीएम ने जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव और त्वरित मरम्मत के लिए “धावा दल” टीम गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही बताया गया कि पानी टैंकरों की खरीद पूरी हो चुकी है और अन्य कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

जिलाधिकारी ने सहायक समाहर्ता को बेनीपुर क्षेत्र का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति की नियमित निगरानी करें और जरूरत के अनुसार टैंकर एवं बोरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर अप्रैल माह के अंत तक संपूर्ण व्यवस्था दुरुस्त करने का लक्ष्य तय किया। डीएम ने दो टूक कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, बुडको के कार्यपालक अभियंता सहित सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।