कल 26 हजार से ज्यादा गैस सिलेंडर का होगा वितरण, अफवाहों से बचें : प्रशासन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 09 अप्रैल को 26,571 गैस सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार और उप निदेशक जनसम्पर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को जिले में 9,432 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें सदर अनुमंडल में 6,979, बेनीपुर में 1,212 और बिरौल में 1,241 सिलेंडर शामिल हैं।

आज भी गोदामों में 13 हजार से अधिक सिलेंडर मौजूद

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले के विभिन्न गैस गोदामों में 13,117 सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं 09 अप्रैल को 13,454 नए सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना है।

अनुमंडलवार संभावित वितरण

 सदर : 18,890
बेनीपुर : 2,274
बिरौल : 5,407

छापेमारी तेज, कालाबाजारियों पर कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों और गोदामों में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कंट्रोल रूम सक्रिय, शिकायतों का तुरंत निपटारा

गैस से संबंधित शिकायतों के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (06272-245055) संचालित है, जहां प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

होम डिलीवरी जारी

सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा जारी है और बुकिंग के 1–2 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें,अनावश्यक गैस सिलेंडर का भंडारण न करें

प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।