गोदावरी गैस एजेंसी पर प्रशासन सख्त, लाइसेंस रद्द व प्राथमिकी की चेतावनी
गोदावरी गैस एजेंसी पर प्रशासन सख्त, लाइसेंस रद्द व प्राथमिकी की चेतावनी
गोदावरी गैस एजेंसी पर प्रशासन सख्त, लाइसेंस रद्द व प्राथमिकी की चेतावनी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को पारदर्शी और समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त मोड में आ गया है। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर की गई औचक जांच में शहर के अल्लपट्टी स्थित गोदावरी गैस एजेंसी में कई गंभीर अनियमितताएँ उजागर हुई हैं।
उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश गुप्ता एवं शहरी क्षेत्र के पणन पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि एजेंसी द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
जांच के दौरान यह सामने आया कि लाइसेंस में उल्लेखित गोदाम के अलावा एक अतिरिक्त कक्ष में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था। बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर मिलने के बावजूद एजेंसी संचालक स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
इतना ही नहीं, भारी बैकलॉग के बावजूद संदिग्ध तरीके से गैस सिलेंडरों की डिलीवरी दर्शाई गई। 4 अप्रैल 2026 को उपभोक्ताओं की संख्या से अधिक सिलेंडर वितरण दिखाया जाना काला बाजारी की आशंका को मजबूत करता है। वहीं, उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिलने से व्यापक नाराजगी देखी जा रही है।
जांच में यह भी पाया गया कि गोदाम परिसर में गैस स्टॉक और मूल्य सूची का अनिवार्य प्रदर्शन नहीं किया गया, जो एलपीजी (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 का स्पष्ट उल्लंघन है।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के निपटारे में भी भारी लापरवाही सामने आई है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि डिलीवरी का मैसेज मिलने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला, जिससे पूरी वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एजेंसी संचालक को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो एजेंसी का लाइसेंस रद्द करते हुए संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।