दरभंगा पुलिस अलर्ट मोड में: यातायात प्रबंधन से लेकर लंबित मामलों की समीक्षा तक सख्त निर्देश
दरभंगा पुलिस अलर्ट मोड में: यातायात प्रबंधन से लेकर लंबित मामलों की समीक्षा तक सख्त निर्देश
दरभंगा पुलिस अलर्ट मोड में: यातायात प्रबंधन से लेकर लंबित मामलों की समीक्षा तक सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में जिले की पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने को लेकर मंगलवार को दो अहम बैठक आयोजित की गईं। एक ओर यातायात थाना में पुलिसकर्मियों को बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और आम जनता के साथ व्यवहार को लेकर प्रशिक्षित किया गया, वहीं दूसरी ओर अभियोजन कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
यातायात थाना में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), थानाध्यक्ष यातायात समेत अन्य अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि ड्यूटी के दौरान आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार रखते हुए यातायात नियमों का सख्ती और पारदर्शिता के साथ पालन सुनिश्चित कराया जाए।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी थानों के अभियोजन पदाधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में लंबित समन, बीडब्ल्यू (BW), एनबीडब्ल्यू (NBW), कुर्की, इश्तिहार एवं कांड दैनिकी पंजी के संधारण की स्थिति का आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने अभियोजन पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने और अनुसंधान कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों को निर्धारित अवधि के भीतर निपटाने पर विशेष जोर दिया गया।