महुआर गांव में उचक्कों ने किराना दुकान में लगाई आग, बड़ी घटना टली

दस्तक 7मीडिया, गौराबौराम, दरभंगा।

गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र के महुआर गांव में असामाजिक तत्वों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए आग लगा दी। बताया जाता है कि अज्ञात उचक्कों ने बंद शटर पर पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगा दी। हालांकि, समय रहते पड़ोसी की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना होने से बच गई। दुकान मालिक राम प्रमोद झा ने इस घटना की लिखित सूचना घनश्यामपुर थाना को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि महुआर गांव में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। कुछ दिन पहले ही गांव में एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।