दरभंगा में आयुष्मान कार्ड पर जोर, डीएम ने दिया 30 हजार कार्ड बनाने का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर मंगलवार को एनआईसी दरभंगा में जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड लेखापाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करना और आगामी कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अप्रैल माह में कम से कम 30 हजार लाभुकों का आयुष्मान कार्ड हर हाल में बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के जरिए पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज मिल सकता है, इसलिए इस योजना का लाभ हर योग्य व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्य की गति बनाए रखने के लिए डीएम ने प्रतिदिन समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत) श्री प्रभाकर रंजन को रोजाना प्रगति की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाई जाए, ताकि जिले के सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। विशेष रूप से आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

डीएम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी  अमरेंद्र कुमार मिश्रा, एनसीडीओ  सत्येंद्र मिश्रा, डीपीएम हेल्थ, डीसीएम  रवि रंजन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।