हनुमाननगर के विद्यालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

दस्तक 7मीडिया /हनुमाननगर 

मंगलवार को हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोरो में विश्व स्वास्थ्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार ने कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है।” उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना 7 अप्रैल 1948 को हुई थी और वर्ष 1950 से हर साल इस दिन को विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और सभी तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अनुशासित दिनचर्या, संतुलित जीवनशैली और वैज्ञानिक सोच अपनाने पर बल देते हुए कहा कि इससे हम स्वस्थ रह सकते हैं। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ समाज के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ” है, जो मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली और सभी के लिए समान स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर देती है।

कार्यक्रम का संचालन विज्ञान क्लब की नोडल शिक्षिका प्रियंका कुमारी एवं मो. आमिर खान ने संयुक्त रूप से किया। आमिर खान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य भी है। उन्होंने कहा कि इलाज से बेहतर बचाव होता है।

वहीं प्रियंका कुमारी ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी छोटी-छोटी आदतें ही अच्छे स्वास्थ्य की नींव होती हैं। उन्होंने बालिका स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं गीतांजलि, प्रीति, साक्षी, मनोकामना, कृष्णा, प्रणव आदि ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मौके पर शिक्षक शंभूनाथ राय, बबीता, डॉ. अन्नू कुमारी, अंशु प्रभा, कुमारी चंद्रप्रभा, गौतम जौहरी, देवेंद्र प्रताप सिंह, अनुराग कुमार मंडल, सोनू यादव सहित अन्य मौजूद थे।