गर्मी से पहले एक्शन में प्रशासन: डीएम ने पेयजल आपूर्ति को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पेयजल आपूर्ति को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएचईडी के अधिकारियों और संवेदकों के साथ जिले में चल रहे बोरिंग, पाइपलाइन और चापाकल से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

डीएम ने साफ निर्देश दिया कि अप्रैल माह के अंत तक सभी लंबित बोरिंग कार्य हर हाल में पूर्ण कर चालू किए जाएं। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आम लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्याऊ (जल वितरण केंद्र) स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया।

पाइपलाइन से जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी समस्या हो, उसका प्रतिवेदन तुरंत उपलब्ध कराया जाए ताकि समय पर समाधान हो सके।

बैठक में पुराने और नए चापाकलों की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि क्षेत्रवार चापाकलों की अद्यतन सूची तैयार की जाए और खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रखंड, पंचायत या गांव में पेयजल की कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए और सभी अभियंता व संवेदक पूर्व तैयारी के साथ समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करें।

बैठक में कार्यपालक अभियंता पीएचईडी उत्कर्ष भारती समेत सभी संबंधित अधिकारी एवं संवेदक उपस्थित रहे।