दरभंगा में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं, 28 हजार से ज्यादा सिलेंडर वितरण की तैयारी , अफवाहों से बचने की अपील

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय दरभंगा से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पारदर्शी ढंग से वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार और उप निदेशक जन-सम्पर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि 07 अप्रैल को जिले में कुल 10,461 एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें सदर अनुमंडल में 7,681, बेनीपुर में 1,334 और बिरौल में 1,446 सिलेंडर शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और 08 अप्रैल को 28,142 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है। वहीं करीब 14,706 सिलेंडर की नई आपूर्ति होने की भी संभावना है।

 गोदामों में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद

जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों में 07 अप्रैल तक 13,436 सिलेंडर शेष हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।

 होम डिलीवरी जारी, 1-2 दिन में मिल रही गैस

सभी गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सेवा दी जा रही है। बुकिंग के 1 से 2 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है।

गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम  06272-245055 संचालित है, जहां आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

 छापेमारी तेज, कालाबाजारी पर कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर वरीय अधिकारियों द्वारा गैस गोदामों और प्रतिष्ठानों पर लगातार औचक निरीक्षण व छापेमारी की जा रही है, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके।