धान अधिप्राप्ति में दरभंगा लगभग लक्ष्य के करीब, डीएम ने दिए तेज़ी के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय दरभंगा में जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान एवं सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) अधिप्राप्ति को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 203 पैक्स/व्यापार मंडलों के माध्यम से अब तक 7,536 किसानों से 41,673.452 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.22 प्रतिशत है। वहीं, 7,534 किसानों को भुगतान कर दिया गया है, जो 99.90 प्रतिशत है। शेष दो किसानों का भुगतान प्रक्रियाधीन है, जिसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि अधिप्राप्त धान के बदले 27,921.212 मीट्रिक टन चावल बीएसएफसी को देना है, जिसके विरुद्ध अब तक 9,077 मीट्रिक टन (328 लॉट) की आपूर्ति की जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने सीएमआर आपूर्ति में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि धान प्राप्ति के अगले ही दिन संबंधित राइस मिलों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर चावल तैयार हो सके और भुगतान में देरी न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रगति पर संतोष जताते हुए डीएम ने तय समयसीमा के भीतर शेष कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर सहायक समाहर्ता के. परीक्षित, वरीय उपसमाहर्ता निशांत कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक बीएसएफसी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।