अपराध नियंत्रण पर एक्शन मोड में एसडीपीओ, थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और गश्त बढ़ाने के निर्देश
अपराध नियंत्रण पर एक्शन मोड में एसडीपीओ, थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और गश्त बढ़ाने के निर्देश
अपराध नियंत्रण पर एक्शन मोड में एसडीपीओ, थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और गश्त बढ़ाने के निर्देश
दस्तक7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, बिरौल में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अनुमंडल के विभिन्न थानों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु कई कड़े निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान एसडीपीओ ने बिरौल, घनश्यामपुर, जमालपुर, कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर, बड़गांव और नदी थाना के थानाध्यक्षों के साथ थाना-वार लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि मामलों को लंबे समय तक लटकाया न जाए और साक्ष्यों के आधार पर इनका जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें।
एसडीपीओ श्री तिवारी ने थानाध्यक्षों को अपने कर्तव्य के प्रति अधिक संवेदनशील और सतर्क रहने की नसीहत दी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए निम्नलिखित मुख्य बिंदु रखे, गश्ती के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से हर बिंदु पर कड़ाई से पूछताछ की जाए। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान तेज करने का आदेश दिया।साथ ही
जो अपराधी लंबे समय से फरार चल रहे हैं, उनकी सूची तैयार कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सामुदायिक सहयोग की अपील करते हुए एसडीपीओ ने निर्देश दिया कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों के दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्हें सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए प्रेरित और आग्रह किया जाए। इस बैठक में अनुमंडल के सभी प्रमुख थानों के थानाध्यक्ष और पुलिस कर्मी उपस्थित थे।