दरभंगा में LPG को लेकर अफवाहों पर रोक, प्रशासन सख्त।15 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य,

जिले में गैस की कोई कमी नहीं, 20 स्थानों पर छापेमारी—कंट्रोल रूम से शिकायतों का त्वरित निपटारा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

घरेलू एलपीजी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं उप निदेशक, जन सम्पर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार को जिले में कुल 3,514 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 1,893, बेनीपुर में 191 और बिरौल में 1,430 सिलेंडर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल एजेंसियों के गोदामों में 8,129 सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे आपूर्ति सुचारू बनी हुई है।

प्रशासन के अनुसार, 07 अप्रैल को 15,367 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि करीब 7,238 सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना है।

छापेमारी और सख्ती जारी

जिलाधिकारी के निर्देश पर कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए 20 स्थानों पर वरीय अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण और छापेमारी की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कंट्रोल रूम सक्रिय, शिकायतों का तुरंत समाधान

एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (फोन: 06272-245055) संचालित है।
आज प्राप्त 25 से अधिक शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया।

होम डिलीवरी से मिल रही राहत

प्रशासन ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा जारी है, जिसके तहत बुकिंग के 1-2 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उनके घर तक उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करें।

उप निदेशक सत्येन्द्र प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो।