घरेलू गैस के अवैध इस्तेमाल पर प्रशासन का शिकंजा,

दरभंगा में होटल व प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, एक के खिलाफ FIR दर्ज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को व्यापक जांच अभियान चलाया।

इस दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, भूमि सुधार उप-समाहर्ता-सह-प्रभारी एसडीओ सदर संजीत कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी हायाघाट संत कुमार एवं मनीगाछी के समरूल हसन की संयुक्त टीम ने कुल 6 होटलों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दायरे में आए प्रतिष्ठानों में होटल संजीवनी, होटल इंपिरियल, होटल अपनी रसोई (अल्लपट्टी) तथा होटल होली-डे इन, होटल राधे-राधे और होटल M2S (लहेरियासराय) शामिल रहे।

 निरीक्षण के दौरान बड़ा खुलासा

जांच में होटल अपनी रसोई, अल्लपट्टी में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए पाया गया, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ बेंता थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

 अन्य जगहों पर भी छापेमारी

इसके अलावा अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर और अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार के नेतृत्व में भी जिले के कई होटलों और गैस एजेंसियों में औचक छापेमारी की गई।

 प्रशासन की सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही मान्य हैं। व्यावसायिक गतिविधियों में इसका इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है।

 नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और आगे भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे।सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई के लिए तैयार रहें।