सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण पर सख्त हुए आयुक्त, नहरों की सफाई से लेकर तटबंधों की निगरानी तक दिए कड़े निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त कार्यालय में सोमवार को जल संसाधन एवं सिंचाई सृजन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त  हिमांशु कुमार राय ने की, जिसमें प्रमंडल के तीनों जिलों के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंताओं ने भाग लिया।

बैठक में सबसे पहले सिंचाई व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। आयुक्त ने नहरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जहां कहीं भी तकनीकी समस्या हो, उसकी त्वरित मरम्मत कराई जाए, ताकि हर खेत तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नहर निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी असंतोष जताते हुए संबंधित अभियंताओं को कार्यों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सिंचित एवं असिंचित भूमि के अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

बैठक में जल संसाधन विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं को योजना-वार प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

संभावित बाढ़ को देखते हुए आयुक्त ने तटबंधों और बांधों की नियमित जांच के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खास तौर पर तटबंधों में बनने वाले बिल (होल) की समय पर पहचान और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाढ़ के समय किसी भी प्रकार की क्षति से बचा जा सके। सभी तैयारियां बाढ़ से पहले ही पूरी करने और अधिकारियों को खुद स्थल निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।