जनसुनवाई में डीएम का सख्त तेवर, कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन,

35 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया। यह जनसुनवाई बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट–3: सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर उनके सुझावों पर चर्चा की गई।

कुल 35 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निपटाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, शिक्षा विभाग, मनरेगा, वृद्धापेंशन, समाज कल्याण विभाग तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए।