लहेरियासराय इंडोर स्टेडियम में वुशू ट्रायल, एकलव्य केंद्र के लिए खिलाड़ियों का चयन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय स्थित इंडोर स्टेडियम में सोमवार को एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में नामांकन के लिए वुशू खेल का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने किया। उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं का चयन इस केंद्र के लिए किया जा रहा है।

चयन प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। निर्णायक मंडल में ऋषभ कुमार तिवारी, रवि रावत और करण कुमार शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।

जिला खेल कार्यालय द्वारा चयनित खिलाड़ियों की सूची बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजी जाएगी। अंतिम परिणाम प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को वुशू के प्रशिक्षण के लिए भोजपुर स्थित एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में भेजा जाएगा।

खिलाड़ियों को प्रशिक्षण केंद्र में निःशुल्क शिक्षा, खेलकूद, भोजन एवं आवास की सुविधा दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इससे प्रतिभावान खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि आगामी 8 अप्रैल को बैडमिंटन और 9 अप्रैल को हैंडबॉल के लिए चयन ट्रायल नेहरू स्टेडियम, दरभंगा में आयोजित होगा। इन दोनों खेलों का प्रशिक्षण दरभंगा स्थित एकलव्य केंद्र में ही दिया जाएगा।

कार्यक्रम में संजीव कुमार, कुमार अनुराग, ज्योति कुमारी, जीनत आरा और बलदेव मेहता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।