राजस्व कार्यों में ढिलाई पर डीएम सख्त, 7 दिन में सुधार नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय में सोमवार को जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल के सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज सहित विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान डीएम ने पाया कि राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि पंचायत सचिव, जो वर्तमान में राजस्व कर्मचारी के प्रभार में कार्यरत हैं, उन्हें कई स्तरों पर प्रशिक्षण दिए जाने के बावजूद पिछले 10 दिनों में कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगले सात दिनों तक प्राथमिकता के आधार पर सिर्फ राजस्व से जुड़े कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा के भीतर सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व)  मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर  संजीत कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।