दिनदहाड़े 20 मिनट में 2 करोड़ की लूट से दरभंगा के  व्यवसायियो में आक्रोश  ,लूट मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज , व्यापारी सहमे, सुरक्षा पर बड़े सवाल ,दरभंगा पुलिस की जबरदस्त मेहनत लाएगी रंग ,जल्द हीं मामले का होगा खुलासा।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान/विजय ठाकुर /संजय कुमार राय की रिपोर्ट 

नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम कारोबारी इलाका बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वैलर्स में शुक्रवार दोपहर चार सशस्त्र अपराधियों ने गन पॉइंट पर लगभग 2 करोड़ रुपये के जेवरात एवं 20-25 लाख रुपये नकद लूटने के  इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर के व्यापारिक समुदाय में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

 प्राथमिकी दर्ज, SIT जांच में जुटी,जल्द होगा खुलासा 

घटना के संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 72/26, दिनांक 03.04.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेडडी जला रेडडी के मार्ग दर्शन में एसआईटी पुलिस की टीम अपराधियों के काफी करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही खुलासा संभव है।

 व्यापारियों में भय, आपात बैठक आयोजित

घटना के बाद शनिवार को दरभंगा एवं लहेरियासराय के स्वर्ण व्यवसायियों की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 100 से अधिक व्यवसायी शामिल हुए। बैठक में घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि पुलिस गश्ती के अभाव के कारण ही अपराधियों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

व्यापारियों ने बाकरगंज क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां नियमित पुलिस गश्त होती है, जबकि बड़ा बाजार जैसे संवेदनशील इलाके में ऐसी व्यवस्था का अभाव है। कुछ व्यवसायियों ने सांकेतिक हड़ताल का प्रस्ताव रखा, हालांकि पुलिस के आश्वासन के बाद फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को पुनः समीक्षा बैठक करने का निर्णय लिया गया है।

“भगवा नकाब” पर सियासत तेज

युवा राजद महानगर अध्यक्ष राकेश एस नायक ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपराधियों द्वारा भगवा रंग का नकाब पहनकर लूट की घटना को अंजाम देना गंभीर चिंता का विषय बताया । उन्होंने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने मांग की कि शहर के प्रमुख सर्राफा बाजारों जैसे गांधी चौक, गणेश मंदिर, गुदरी जलान मार्केट, बाकरगंज समेत अन्य स्थानों पर सशस्त्र पुलिस बल की स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।

 पहले भी हो चुकी है बड़ी वारदात

उल्लेखनीय है कि 9 दिसंबर 2020 को भी बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वैलर्स में करीब 5 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। उस समय कुछ महीनों तक पुलिस की सक्रियता बनी रही, लेकिन बाद में गश्त व्यवस्था कमजोर पड़ गई।

 बाजार में सन्नाटा, कारोबार प्रभावित

शनिवार को बाजार की दुकानें खुली रहीं, लेकिन खौफ के कारण ग्राहकों की संख्या बेहद कम रही और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने कहा कि एक दिन में करोड़ों का कारोबार होने वाले इस बाजार में सुरक्षा के नाम पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

 व्यापारियों की प्रमुख मांगों में  अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी
, लूटे गए जेवरात एवं नकदी की बरामदगी, बड़ा बाजार में नियमित पुलिस गश्त, प्रमुख चौक-चौराहों पर सशस्त्र बल की तैनाती शामिल हे।

फिलहाल व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए आंदोलन का निर्णय टाल दिया है, लेकिन स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र खुलासा नहीं हुआ, तो वे कड़ा कदम उठाने को बाध्य होंगे।