शिवदाहा में मेधा का सम्मान: 40 टॉपर्स को मेडल-ट्रॉफी, 36 फर्स्ट डिविजन से पास

दस्तक 7मीडिया, गायघाट /दीपक कुमार 

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड स्थित शिवदाहा-63 में संचालित शिशु कल्याण कोचिंग सेंटर में मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इन 40 छात्रों में से 36 बच्चे प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जबकि प्रथम श्रेणी के करीब पहुंचे 4 छात्रों को भी सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

कोचिंग के निदेशक विजय कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि परिणाम उम्मीद के मुताबिक न आने पर भी निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि मेहनत जारी रखनी चाहिए। वहीं, प्राचार्य दयाशंकर श्रीवास्तव ने छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष कोचिंग के 10 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया।

कोचिंग का छात्र विवेकानंद, जिसने 80.4% अंक प्राप्त किए, अपने परिणाम से असंतुष्ट होकर सम्मान समारोह में शामिल नहीं हुआ। ऐसे में प्राचार्य दयाशंकर श्रीवास्तव और शिक्षक रवि आनंद खुद उसके घर पहुंचे और उसे मेडल, ट्रॉफी, सर्टिफिकेट के साथ नगद राशि देकर सम्मानित किया—जो एक मिसाल बन गया।

 टॉप-10 को विशेष सम्मान

रैंक 1 से 10 तक के छात्रों को 1100 रुपये नगद पुरस्कार भी दिया गया। इन छात्रों में संध्या कुमारी, स्नेहा कुमारी, विवेक कुमार, श्वेता भारती, अंकित कुमार, शिवानी कुमारी, अभिषेक कुमार, गीतांजलि कुमारी, अजीत कुमार और विवेकानंद शामिल हैं।

 30 वर्षों की परंपरा

पिछले 30 वर्षों से संचालित यह कोचिंग सेंटर अपने शत-प्रतिशत रिजल्ट और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए क्षेत्र में लगातार चर्चा में रहा है।

इस मौके पर संस्थान के शिक्षक मोहम्मद निराले, रवि आनंद, चंद्रशेखर, राजेश कुमार, शुभम कुमार और अनुज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।यह सम्मान समारोह न केवल मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने का मंच बना, बल्कि उन छात्रों के लिए भी प्रेरणा साबित हुआ जो सफलता के करीब पहुंचकर रह गए।