नदी थाना पुलिस की कार्रवाई: तीन नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /कुशेश्वरस्थान
नदी थाना से खबर सामने आई है, जहां नदी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग कांडों में तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
नदी थाना कांड संख्या 17/26 एवं 18/26 के तहत पुलिस ने डोमी मुखिया (पिता- नेत्री मुखिया), रामानन्द मुखिया (पिता- स्वर्गीय लक्ष्मण मुखिया) और अमरजीत मुखिया (पिता- मौजे मुखिया) को गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्त उसरीघाट गांव, थाना नदी के निवासी बताए जा रहे हैं।
नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया, जिसके बाद तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।