ज्वेलरी लूटकांड: STF की कार्रवाई तेज, चार संदिग्ध हिरासत में, दो बाइक जब्त

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा /अफजल खान

नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार को हुई करीब दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूटकांड के 24 घंटे बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसटीएफ ने जांच तेज कर दी है।
छापेमारी के दौरान बिहार STF और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि इनका संबंध लूटकांड से हो सकता है।
वहीं, सिमरी थाना क्षेत्र के मनीहास गांव के पास एनएच-27 किनारे से पुलिस ने दो संदिग्ध बाइक बरामद की हैं। एक बाइक पर उत्तर प्रदेश (UP 40 BN 9459) और दूसरी पर मध्य प्रदेश (MP 69 JD 7655) का नंबर दर्ज है। दोनों बाइक पर हेलमेट भी रखा मिला है, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि अपराधी जल्दबाजी में इन्हें छोड़कर फरार हुए।
पुलिस अब इन बाइकों के रजिस्ट्रेशन की जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा, घटना स्थल से लेकर फरार होने के संभावित रास्तों—सिमरा नेहालपुर से फोरलेन तक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। चैंबर ऑफ कॉमर्स और व्यवसायी संगठन लगातार बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित व्यवसायी को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के बाद जल्द ही मामले का खुलासा हो सकता है।