दबंगों ने किश्त के नाम पर घर से उठाई बाइक, पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे गांव से किया बरामद, एक गिरफ्तार

दस्तक7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बकाया किश्त वसूली के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिरौल थाना क्षेत्र के देकुली धाम निवासी संजय शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित संजय शर्मा ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने नवंबर 2023 में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज (हीरो मोटोकॉर्प) से एक स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल (BR 33 BC 5472) किश्त पर ली थी। रोजी-रोटी के लिए उनके परदेश जाने के बाद घर पर केवल उनकी मां और भाभी मौजूद थीं।
आरोप है कि10 सितंबर 2025 को हीरो फिनकॉर्प का वसूली कर्मी बताने वाले चंदन कुमार ने बकाया किश्त का झांसा देकर घर की महिलाओं को डराया और जबरन बाइक लेकर चला गया।
जब पीड़ित 31 मार्च 2026 को घर वापस आया और एजेंसी में पता किया, तो उसे जानकारी मिली कि एजेंसी का कोई कर्मी गाड़ी नहीं लाया है। छानबीन के दौरान पीड़ित को गुप्त सूचना मिली कि उसकी बाइक ग्राम उछटी निवासी सचिन्द्र दास के घर पर है।
2 अप्रैल 2026 को पुलिस के सहयोग से जब वहां छापेमारी की गई, तो सचिन्द्र दास के घर से बाइक बरामद हुई। पूछताछ में सचिन्द्र दास ने खुलासा किया कि उसने यह मोटरसाइकिल सितंबर 2025 में ही मुकुंद झा और चंदन कुमार से 65,000 रुपये में खरीदी थी। थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने बताया कि
पीड़ित संजय शर्मा की शिकायत पर बिरौल थाने में कांड संख्या एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बी.एन.एस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है।