पैक्स चुनाव की रंजिश में हत्या से सियासत गरम, सीपीआई(एम) का उग्र तेवर

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

हायाघाट थाना क्षेत्र के पोराम गांव में पैक्स अध्यक्ष विश्वनाथ झा के पुत्र विजय झा (35) की सुनियोजित हत्या को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीआई(एम) के राज्य सचिव मंडल सदस्य व हायाघाट विधानसभा से महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी श्याम भारती ने इस घटना पर तीखा आक्रोश जताया है।

श्याम भारती ने डीएमसीएच स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने इस हत्या को “बर्बर और कायरतापूर्ण” बताते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून व्यवस्था पर सीधा हमला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले हुए पैक्स चुनाव की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। चुनाव में हार के बाद मुख्य आरोपी लगातार धमकियां दे रहा था और साजिश के तहत घात लगाकर विजय झा पर चाकू से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इसे उन्होंने साफ तौर पर “सुनियोजित राजनीतिक हिंसा” करार दिया।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए श्याम भारती ने कहा कि कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, न्याय अधूरा रहेगा। उन्होंने शेष अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर कठोरतम सजा देने की मांग की।

मृतक के परिवार की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि विजय झा अपने पीछे पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं। सरकार को तत्काल मुआवजा, सुरक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो सीपीआई(एम) और आम जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन, घेराव और जोरदार प्रतिरोध करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

अंत में उन्होंने घोषणा की कि कल सीपीआई(एम) की टीम पोराम गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगी और न्याय की लड़ाई को और तेज करेगी।