डीएमसीएच और मंडल कारा पर एनएचआरसी की पैनी नजर, मरीजों व बंदियों की सुविधाओं पर सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के विशेष निगरानीकर्ता (बाल अधिकार एवं बुजुर्ग नागरिक)  बालकृष्ण गोयल ने शनिवार को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में प्रतिदिन होने वाले लगभग 1400 मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था का जायजा लिया और मरीजों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क एवं स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया। मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुधारने, चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक मरीजों का इलाज करने पर जोर दिया। इमरजेंसी वार्ड में बेड की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गार्डों की रोटेशन ड्यूटी लागू करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही “मे आई हेल्प यू” काउंटर, सुझाव पेटिका, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पेयजल की सुविधा और दिव्यांगजनों के लिए रैंप निर्माण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

श्री गोयल ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस संबंध में डीएमसीएच अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को संयुक्त बैठक कर समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की गई। मौके पर डीएमसीएच अधीक्षक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, डीपीएम (हेल्थ) एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

मंडल कारा का भी किया निरीक्षण
डीएमसीएच निरीक्षण के बाद श्री गोयल ने मंडल कारा का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बंदियों से उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही विधिक सहायता की उपलब्धता पर भी जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान कारा अधीक्षक श्रीमती स्नेह लता उपस्थित रहीं।